उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर आयोजित

कार्यक्रम का शुभारम्भ आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के योग दिवस संदेश के प्रसारण से हुआ। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ जीवन के लिए योग) पर प्रकाश डालते हुए सभी आयु वर्गों के लिए योग के महत्व को रेखांकित किया।
योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र का संचालन योग विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नीता दियोलिया तथा शोधार्थी मनीषा रावत ने किया। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर योग विभागाध्यक्ष डॉ. भानु प्रकाश जोशी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत विभाग द्वारा 22 मार्च से 21 जून तक प्रत्येक रविवार निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन किया गया। साथ ही 1 जून से 21 जून तक 21 दिवसीय निःशुल्क योग शिविर अभियान भी संचालित किया गया, जिसमें उत्तराखण्ड सहित देश के 10 से अधिक राज्यों में विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और योग साधकों के सहयोग से योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि 14 जून को आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑनलाइन योग सत्र में भी विश्वविद्यालय परिवार और योग साधकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो हेलो हल्द्वानी 91.2 एफएम के माध्यम से योग जागरूकता से जुड़े विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण भी किया गया।
स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की निदेशिका प्रो. मंजरी अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ती आयु वर्गीय जनसंख्या के संदर्भ में योग स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए योग विभाग द्वारा आयोजित विविध कार्यक्रमों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपिका कुमार ने किया, जबकि अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। योग, स्वास्थ्य और जनजागरूकता के प्रति विश्वविद्यालय की यह पहल प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक रही।
