Connect with us

उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री की अपील का असर: सड़कों की बजाय मस्जिदों और ईदगाहों में अदा हुई नमाज

 

जनता के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया बकरीद पर्व

नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री द्वारा बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा सड़कों के बजाय मस्जिदों एवं ईदगाहों में ही नमाज अदा करने की अपील का जनपद नैनीताल में व्यापक असर देखने को मिला। मुख्यमंत्री की इस अपील को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील एवं सख्त दिशा-निर्देश जारी किए थे।

एसएसपी के निर्देशन में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभाला। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और धर्मगुरुओं के साथ लगातार संवाद स्थापित कर आपसी समन्वय बनाए रखा। इसका परिणाम यह रहा कि पूरे जिले में बकरीद का पर्व शांति, अनुशासन और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।

बनभूलपुरा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस बार एक नई और अनुकरणीय व्यवस्था देखने को मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में कई स्थानों पर सड़कों पर नमाज अदा की जाती थी, लेकिन इस बार प्रशासन, पुलिस और मुस्लिम समुदाय के आपसी सहयोग से सभी नमाज मस्जिदों एवं ईदगाहों के भीतर ही अदा की गईं।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा, रामनगर, नैनीताल सहित पूरे जिले में मुस्लिम समुदाय ने पूरी आस्था और अनुशासन के साथ धार्मिक परंपराओं का पालन किया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

पुलिस प्रशासन की प्रभावी व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन के चलते नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। पूरे जनपद में पर्व शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न होने पर प्रशासन ने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

— मीडिया सैल, नैनीताल पुलिस

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page