उत्तराखण्ड
हिमालयन स्पोर्ट्स विलेज में डीटीए नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस




जाफरपुर, 15 अगस्त 2026। डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन (डीटीए) नैनीताल एवं डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन, ऊधम सिंह नगर की ओर से देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हिमालयन स्पोर्ट्स विलेज, जाफरपुर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित टेनिस प्रतियोगिता में दोनों जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर आपसी मित्रता, भाईचारे और खेल भावना की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में डीटीए नैनीताल के सचिव हेम कुमार पांडेय ने डीटीए ऊधम सिंह नगर के अध्यक्ष डॉ. रितेश शर्मा, सचिव हेमंत सिंघल, उपाध्यक्ष आसिम बेग, कोषाध्यक्ष जगदीश सिंह बिष्ट तथा डीटीए नैनीताल के कोषाध्यक्ष रजत कुमार सती की ओर से अतिथियों एवं प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए हेम कुमार पांडेय ने स्वतंत्रता दिवस की गरिमा तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, चंद्रशेखर आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, शहीद भगत सिंह, मौलाना अबुल कलाम आजाद, खान अब्दुल गफ्फार खान, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं लाल बहादुर शास्त्री सहित देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत के नागरिक हैं और पूरा देश उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
डीटीए ऊधम सिंह नगर के सचिव हेमंत सिंघल ने कहा कि लगभग तीन वर्ष पूर्व ऊधम सिंह नगर के खिलाड़ी हल्द्वानी स्थित बीएलएम टेनिस एकेडमी में खेलने के लिए जाते थे। अब इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हल्द्वानी के खिलाड़ी हिमालयन स्पोर्ट्स विलेज की टेनिस एकेडमी में खेलने के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने इसे दोनों जनपदों के खिलाड़ियों के बीच टेनिस को बढ़ावा देने, आपसी सहयोग और मित्रता की अनूठी मिसाल बताया।
डीटीए ऊधम सिंह नगर के अध्यक्ष डॉ. रितेश शर्मा ने बताया कि उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन, देहरादून के दिशा-निर्देशन में पिछले वर्षों में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जनपदों में विभिन्न स्तर की टेनिस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। अमर जगाती, देवेंद्र सिंह बिष्ट, विकास पांडेय, अमित जोशी, ललित मोहन जोशी, डॉ. रितेश शर्मा, आसिम बेग, शिवेश्वर सिंह एवं मोहित सिंह राठौर जैसे खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के फाइनल जीतकर पहचान बनाई है। वहीं उदीयमान खिलाड़ियों मानस तिवारी एवं प्रखर तिवारी ने भी अपने शानदार खेल से प्रभावित किया है।
प्रतियोगिता के परिणाम
अंडर-10 वर्ग
विजेता: रयांथ वाठला
उपविजेता: रयान सिंह
अंडर-17 वर्ग
विजेता: आर्थव खंडेलवाल
उपविजेता: पर्व अग्रवाल
अंडर-19 वर्ग
विजेता: आयूष वोहरा
उपविजेता: जयवीर सिंह
डबल्स इवेंट में रुद्रपुर की टीम ने हल्द्वानी को एकतरफा मुकाबले में 8-2 से पराजित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. रितेश शर्मा तथा गेस्ट ऑफ ऑनर हेमंत सिंघल रहे। आयोजन को यादगार बनाने में रुद्रपुर के प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी एवं उद्योगपति राकेश बंसल तथा राइस मिल संचालक अशोक अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। समारोह में हिमालयन स्पोर्ट्स विलेज के को-ओनर अनुज गुप्ता भी मौजूद रहे।
सिंगल्स इवेंट के पुरस्कार वितरण के बाद डीटीए नैनीताल के सचिव हेम कुमार पांडेय ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्राउंड स्टाफ का आभार व्यक्त किया।














