उत्तराखण्ड
डीएम आशीष कुमार भटगाई का गंगोत्री गर्ब्यांल गर्ल्स इंटर कॉलेज में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विषयों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी शैक्षणिक प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जवाब दिए और जिलाधिकारी से संवाद कर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान विद्यालय का माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण में पाया कि विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में लगे श्यामपट्ट (ब्लैकबोर्ड) काफी पुराने हो चुके हैं, जिससे पठन-पाठन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने प्रधानाचार्य को सभी पुराने श्यामपट्टों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि छात्राओं को अध्ययन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना भी अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर का जायजा लेते हुए भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं भोजन निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन की गुणवत्ता जांची और यह सुनिश्चित किया कि छात्राओं को मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी विषयों पर विशेष ध्यान देने तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शिक्षा एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य ही समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है तथा प्रशासन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
