Connect with us

उत्तराखण्ड

नगर निगम हल्द्वानी में डिजिटल यूजर चार्ज वसूली की शुरुआत, वार्ड 52 और 50 से हुआ शुभारंभ

हल्द्वानी, 19 अगस्त 2026। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) योजना के अंतर्गत घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज की डिजिटल वसूली की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा ने बुधवार को वार्ड संख्या 52 से बेनी सेना के माध्यम से ऑनलाइन ऐप द्वारा डिजिटल पेमेंट के जरिए यूजर चार्ज एकत्र करने के अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर डी-ब्लॉक, जज फार्म निवासी श्री गिरीश चंद्र बिनवाल एवं श्री बिसम्बर कांडपाल ने ऑनलाइन डिजिटल माध्यम से अपना यूजर चार्ज जमा कराकर वार्ड 52 में डिजिटल यूजर चार्ज भुगतान की शुरुआत की। वार्ड 52 में कार्यरत समृद्धि स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती दीपा पुनेरा एवं उनकी टीम द्वारा डिजिटल माध्यम से यूजर चार्ज एकत्र किया गया।

नगर निगम के अनुसार डिजिटल व्यवस्था लागू होने से आम जनता को घर बैठे ऑनलाइन यूजर चार्ज जमा करने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बेनी सेना की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी तथा यूजर चार्ज के संग्रहण में भी सुधार होगा। इस व्यवस्था के माध्यम से मकान मालिकों के साथ-साथ सभी किराएदारों का भी ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा और नियमानुसार यूजर चार्ज वसूला जाएगा।

इसी क्रम में नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा ने वार्ड संख्या 50 में भी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से डिजिटल यूजर चार्ज वसूली की शुरुआत की। कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी स्थित श्री रोहित सती क्लासेस एवं राघव पैथोलॉजी लैब का यूजर चार्ज ऑनलाइन जमा कराया गया। वार्ड 50 में गंगाजली स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा खनका एवं उनकी बेनी सेना टीम द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से डिजिटल माध्यम से यूजर चार्ज एकत्र किया गया।

नगर निगम द्वारा अब निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में इसी डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से यूजर चार्ज एकत्रीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इससे यूजर चार्ज संग्रहण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान माननीय पार्षद श्रीमती रेखा बिनवाल, सहायक लेखा अधिकारी श्री गणेश भट्ट, नगर परियोजना प्रबंधक डॉ. आईपी पंत, सीओ श्री भाषित पाठक, श्रीमती रजनी नैनवाल, श्रीमती मीनाक्षी सहित दोनों वार्डों की बेनी सेना की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page