उत्तराखण्ड
स्मार्ट मीटर, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका

। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों, महंगाई, बेरोजगारी तथा प्रदेश में बढ़ते नशे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान हेमन्त साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम जनता पर बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और नशे का बढ़ता कारोबार युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है, लेकिन सरकार इन गंभीर समस्याओं के समाधान में विफल साबित हुई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र में जगह-जगह स्मैक और शराब का अवैध कारोबार चल रहा है, जबकि शासन-प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल नजर आ रहा है।
प्रदर्शन में व्यापारी नेता जसविंदर सिंह भसीन, प्रदेश उपाध्यक्ष जूही चुफाल, प्रदेश महासचिव स्वाति जोशी, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुमित कुमार, छात्र नेता मेहुल साह, ज्योति आर्या, रेखा जाटव, राजकुमार सिंह यादव, ईशाक खान, मूर्ति देवी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
