उत्तराखण्ड
बंदर-कुत्तों के आतंक, आवारा गोवंश और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज


हल्द्वानी। हल्द्वानी क्षेत्र में बंदरों एवं आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक, सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की समस्या को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम हल्द्वानी के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश सचिव उत्तराखंड कांग्रेस गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स ने कहा कि शहर की इन समस्याओं से आम नागरिक लगातार परेशान हैं। बंदरों और आवारा कुत्तों के कारण राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। वहीं सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षतिग्रस्त सड़कें भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।
राधा आर्या ने कहा कि नगर निगम प्रशासन को इन समस्याओं के स्थायी और प्रभावी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि महज औपचारिक कार्रवाई के बजाय बंदरों एवं आवारा पशुओं के नियंत्रण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित कुमार एवं मौकिन सैफी ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई कर आम जनता को राहत देने की मांग की।
इस दौरान राजेंद्र सिंह रावत, आसिफ अली, विनोद कुमार, इन्दर पाल आर्य, हेमंत कुमार, नदीम सैफी, सलीम सिद्दीकी, हर्षित भट्ट, अमन कुरैशी, मनदीप सिंह, इकराम अहमद, रिजवान हुसैन, उमेश जोशी, जसमीत सिंह, देवांश वार्ष्णेय, पार्षद पंकज त्रिपाठी, शंकर कोहली, रवनीत भसीन, रईस गफ्फारी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



