उत्तराखण्ड
स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान, नशामुक्ति का दिया संदेश






हल्द्वानी, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, नैनीताल एवं तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों एवं कार्मिकों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध, स्वच्छता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग दीपक कुमार सिंह, आईएफएस ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान वन विभाग के कार्मिकों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश की आजादी के संघर्ष पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने स्वतंत्रता के साथ मिले अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डीएफओ दीपक कुमार सिंह ने कार्मिकों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की स्वतंत्रता का बड़ा शत्रु है। नशे की गिरफ्त में आने के बाद व्यक्ति धीरे-धीरे अपनी इच्छाशक्ति और निर्णय लेने की स्वतंत्रता खो देता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने और परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
डीएफओ ने कार्मिकों को कार्यस्थल पर प्रत्येक परिस्थिति में सकारात्मक सोच, उत्साह और चेहरे पर मुस्कान के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक वातावरण से कार्यक्षमता बढ़ने के साथ टीम भावना भी मजबूत होती है।
इसके बाद प्रभाग परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम के समापन पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में एसडीओ अनिल जोशी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति नैनीताल पीयूष तिवारी, सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट भास्कर जोशी, साल एएनआर तथा वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी सहित तराई पूर्वी वन प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से “नशे से आजादी, गंदगी से आजादी और प्रदूषण से आजादी” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।














