उत्तराखण्ड
हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें नागरिक : पीआईबी देहरादून

नई टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ विषयों के माध्यम से दिखाई जाएगी देशभक्ति की झलक
देहरादून, 13 अगस्त 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून ने सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि तिरंगा देश का स्वाभिमान और प्रत्येक नागरिक के लिए राष्ट्रहित में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा है। उन्होंने दूरदर्शन देहरादून, आकाशवाणी और पीआईबी देहरादून के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने तथा नागरिकों को गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित है। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में इससे जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत के गौरव का प्रतीक होने के साथ ही देश के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का निरंतर संदेश देता है।
पीआईबी के सहायक निदेशक ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नई टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। अभियान के तहत नागरिक तिरंगा यात्राओं, बाइक एवं साइकिल रैलियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। तिरंगा देश की एकता, गौरव और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक है।
इस अवसर पर दूरदर्शन देहरादून और आकाशवाणी सहित पीआईबी देहरादून के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक संकल्प लेते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।





