उत्तराखण्ड
बीआईएस देहरादून की मुजफ्फरनगर में छापेमारी, मानकों का उल्लंघन करने वाले इस्पात उत्पाद जब्त

मुजफ्फरनगर। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय की टीम ने 14 अगस्त 2026 को मेरठ रोड स्थित एक इस्पात निर्माण कंपनी में छापेमारी कर गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों (QCOs) के अनुपालन की जांच की। कार्रवाई का उद्देश्य अनिवार्य उत्पादों का बिना वैध बीआईएस लाइसेंस निर्माण किए जाने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के पालन की स्थिति की जांच करना था।
छापेमारी दल का गठन बीआईएस देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख श्री हेमन्त बी. अड़े के निर्देशन में किया गया। टीम में संयुक्त निदेशक श्री पीयूष प्रकाश, सहायक निदेशक श्री सौरभ कुमार चौरसिया, सहायक अनुभाग अधिकारी श्री अंशुल शर्मा, वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्री पवन मुंडेपी तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री नीरज बिष्ट शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान बीआईएस टीम ने फैक्ट्री में निर्मित एवं उपलब्ध इस्पात उत्पादों की जांच की। टीम ने यह भी सत्यापित किया कि उत्पादों पर निर्धारित बीआईएस मानक चिह्न मौजूद है या नहीं तथा वे भारत सरकार द्वारा जारी संबंधित गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों का अनुपालन करते हैं या नहीं।
निरीक्षण के दौरान कुछ इस्पात उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के अनुरूप नहीं पाए गए। बीआईएस टीम ने नियमों के उल्लंघन में पाए गए इन उत्पादों को जब्त कर लिया।
बीआईएस के अनुसार, जब्त किए गए उत्पादों के संबंध में आगे की कार्रवाई बीआईएस अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत की जाएगी। ब्यूरो ने उपभोक्ताओं, विक्रेताओं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म संचालकों से अपील की है कि केवल बीआईएस प्रमाणित और मानकों के अनुरूप उत्पादों का ही निर्माण, बिक्री एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बीआईएस ने उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि वे BIS CARE मोबाइल ऐप के माध्यम से बीआईएस मानक चिह्न वाले उत्पादों की प्रमाणिकता की जांच कर सकते हैं तथा किसी भी प्रकार की शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।














