Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के छात्रों को बड़ी राहत, अब प्रवेश शुल्क पर नहीं लगेगा कोई अतिरिक्त चार्ज

 

पीएनबी के नए पेमेंट गेटवे से क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और नेट बैंकिंग के जरिए बिना कन्वीनियंस फीस के होगा भुगतान

हल्द्वानीहल्द्वानी,, 7 जुलाई। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश लेते समय छात्रों को निर्धारित प्रवेश शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार का कन्वीनियंस या पेमेंट चार्ज नहीं देना होगा। यह सुविधा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (रेलवे बाजार शाखा, हल्द्वानी) के संयुक्त प्रयासों से शुरू की गई है।

पूर्व में ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करने के दौरान विद्यार्थियों को मूल शुल्क के अलावा अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता था, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता था। अब पंजाब नेशनल बैंक ने अपने तकनीकी सहयोगी PAYU के माध्यम से नया पेमेंट गेटवे उपलब्ध कराया है, जिसके जरिए छात्र क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार नए पेमेंट गेटवे से अब तक दो लाख रुपये से अधिक की प्रवेश शुल्क राशि सफलतापूर्वक जमा हो चुकी है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि छात्र हित विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद ऑनलाइन भुगतान के दौरान अतिरिक्त शुल्क लिए जाने की जानकारी मिलने पर इस समस्या का स्थायी समाधान करने का निर्णय लिया गया। पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से अब विद्यार्थियों को केवल निर्धारित प्रवेश शुल्क ही देना होगा, जिससे डिजिटल व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सरल और छात्र-केंद्रित बनेगी।

प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने बताया कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन प्रवेश सत्र में अब तक 9,500 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही परीक्षा संबंधी विभिन्न शुल्कों के ऑनलाइन भुगतान को भी इसी पीएनबी पेमेंट गेटवे से जोड़ा जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।

विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. गिरिजा पाण्डेय ने इस पहल को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे डिजिटल भुगतान प्रणाली में छात्रों का विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि पंजाब नेशनल बैंक विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” के माध्यम से वित्तीय साक्षरता और जनजागरूकता कार्यक्रमों का भी प्रसारण कर सकता है।

पंजाब नेशनल बैंक, रेलवे बाजार शाखा की शाखा प्रबंधक श्रीमती बबीता कांडपाल ने कहा कि बैंक विद्यार्थियों को सुरक्षित, सरल और अतिरिक्त शुल्क मुक्त डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराकर प्रसन्न है तथा भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ विभिन्न सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों में सहयोग जारी रखेगा। इस अवसर पर उन्होंने बैंक की ओर से विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए सैमसंग गैलेक्सी S25 स्मार्टफोन भी भेंट किया।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page