उत्तराखण्ड
आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा के लिए बड़ी राहत: पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में शुरू हुई इनर लाइन परमिट सुविधा
अजय सिंह – वरिष्ठ संवाददाता

अब तक यात्रियों को इनर लाइन परमिट के लिए मुख्य रूप से धारचूला जाना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने से यात्री पिथौरागढ़ शहर से भी आसानी से परमिट प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रा प्रक्रिया अधिक सरल होगी और यात्रियों के समय की भी बचत होगी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि जिला अस्पताल के कमरा नंबर 10 में यह सुविधा शुरू कर दी गई है। यहां यात्रियों का मेडिकल प्रमाणन होने के साथ ही इनर लाइन परमिट भी जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 23 मई 2026 को कुल 1645 इनर लाइन परमिट जारी किए गए, जबकि वर्ष 2026 में अब तक जारी कुल परमिटों की संख्या 18,561 पहुंच चुकी है। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या से साफ है कि आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा देश-विदेश के यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
प्रशासन का मानना है कि यात्रा में बढ़ती आस्था और पर्यटकों की संख्या से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
