उत्तराखण्ड
हल्द्वानी में कैंसर मरीजों के लिए बड़ी पहल, HCMCT मणिपाल अस्पताल दिल्ली ने शुरू की विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी

इस ओपीडी में मणिपाल कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर सेंटर के चेयरमैन एवं ऑन्को रोबोट-असिस्टेड सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. सुरेन्द्र कुमार डबास तथा सर्जिकल ऑन्कोलॉजी एवं रोबोट-असिस्टेड सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. पंकज पांडे मरीजों को कैंसर संबंधी परामर्श, जांच और उपचार की विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करेंगे।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार आने वाले वर्षों में भारत में कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि की आशंका है। गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (GI) कैंसर, स्तन कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, मुंह का कैंसर और सर्वाइकल कैंसर देश में सबसे अधिक पाए जाने वाले कैंसरों में शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता की कमी और समय पर जांच न होने के कारण छोटे शहरों और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अधिकांश मरीजों में कैंसर का पता उन्नत अवस्था में चलता है, जिससे उपचार अधिक जटिल हो जाता है।
डॉ. सुरेन्द्र कुमार डबास ने कहा कि कैंसर का समय पर पता चलने पर उपचार के परिणाम काफी बेहतर होते हैं। उन्होंने बताया कि कई लोग शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता होती है, उनके लिए मिनिमली इनवेसिव और रोबोट-असिस्टेड कैंसर सर्जरी अधिक सटीक उपचार, तेजी से रिकवरी और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करती है।
वहीं डॉ. पंकज पांडे ने कहा कि आजकल पेट, बड़ी आंत, अग्न्याशय और भोजन नली से जुड़े गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर युवाओं में भी तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तंबाकू एवं शराब से दूरी बनाकर कई प्रकार के कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
HCMCT मणिपाल अस्पताल का कहना है कि हल्द्वानी में शुरू की गई यह विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी कुमाऊं क्षेत्र के मरीजों को उनके घर के नजदीक विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराएगी तथा कैंसर की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
