Connect with us

उत्तराखण्ड

रैपिडो ऐप से चल रही निजी बाइकों पर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में 18 वाहन सीज

हल्द्वानी, 10 जुलाई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं हल्द्वानी के विभिन्न शिकायत मंचों पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर परिवहन विभाग ने रैपिडो ऐप के माध्यम से किराए पर संचालित निजी मोटरसाइकिलों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी श्री अरविन्द पांडेय के निर्देश पर 9 एवं 10 जुलाई को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 18 निजी मोटरसाइकिलों को सीज किया गया।

अभियान में पहले दिन 6 तथा दूसरे दिन 12 निजी मोटरसाइकिलों को आरटीओ कार्यालय में निरुद्ध किया गया। कार्रवाई परिवहन कर अधिकारी श्री जगदीश चंद्र, श्री पवन कुमार, श्रीमती अपराजिता पांडे, श्रीमती अनुभा आर्य एवं उनकी टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

कार्रवाई के दौरान परिवहन आरक्षियों को सादे कपड़ों में रैपिडो ऐप के माध्यम से बुकिंग कराई गई। बुकिंग स्वीकार कर यात्रियों को किराए पर ले जाने वाली निजी मोटरसाइकिलों को मौके पर पकड़कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

संभागीय परिवहन अधिकारी श्री अरविन्द पांडेय ने बताया कि सफेद नंबर प्लेट (निजी वाहन) वाले वाहनों का उपयोग किसी भी परिस्थिति में व्यावसायिक रूप से यात्रियों को किराए पर ढोने के लिए नहीं किया जा सकता। केवल पीली नंबर प्लेट वाले पंजीकृत व्यावसायिक वाहन ही किराए पर संचालित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न मोबाइल ऐप के माध्यम से निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे मामलों में भारी जुर्माना, वाहन सीज करने के साथ-साथ वाहन का पंजीयन निलंबित अथवा निरस्त किए जाने का भी प्रावधान है।

आरटीओ ने सभी निजी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों का उपयोग केवल व्यक्तिगत कार्यों के लिए ही करें तथा किसी भी ऐप या अन्य माध्यम से किराए पर सवारी ढोने का कार्य न करें। अन्यथा भविष्य में भी ऐसे वाहनों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page