उत्तराखण्ड
अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने विधि में हासिल की Ph.D. की उपाधि

रामनगर। रामनगर के अधिवक्ता श्री मनु अग्रवाल ने विधि (Law) के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए Ph.D. की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने साबरमती विश्वविद्यालय, अहमदाबाद, गुजरात से विधि विषय में अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
श्री मनु अग्रवाल ने “चिकित्सीय एवं विधिक पेशेवरों के लिए विधिक प्रतितोष व्यवस्था तथा क्लाइंट-रोगी के कानूनी संरक्षण हेतु उपायों एवं विधिक समस्याओं का एक अध्ययन” विषय पर शोध किया। उनके शोध कार्य का निर्देशन साबरमती विश्वविद्यालय के विधि विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने किया।
अपनी इस उपलब्धि पर श्री अग्रवाल ने अपने गुरुजनों, शोध निर्देशक डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह तथा विशेष रूप से रामनगर के वरिष्ठ एवं विद्वान अधिवक्ता डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. पाण्डे के निरंतर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग ने शोध कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के शोध निर्देशक भी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ही रहे हैं। डॉ. पाण्डे ने वर्ष 2024 में साबरमती विश्वविद्यालय से विधि में Ph.D. की उपाधि प्राप्त की थी। इस प्रकार दोनों विद्वानों की शैक्षणिक यात्रा में एक ही शोध निर्देशक का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अधिवक्ता मनु अग्रवाल की शैक्षणिक यात्रा भी अत्यंत समृद्ध रही है। उन्होंने एम.कॉम., एम.ए. (राजनीति विज्ञान), एम.ए. (अर्थशास्त्र), एम.ए. (समाजशास्त्र), एम.ए. (पब्लिक हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन), एम.ए. (मास कम्युनिकेशन), एम.ए. (मनोविज्ञान), एम.सी.ए., एम.बी.ए., ओ-लेवल, ए-लेवल, एल.एल.बी. तथा एल.एल.एम. जैसी अनेक उच्च शैक्षणिक उपाधियां एवं योग्यताएं हासिल की हैं।
मनु अग्रवाल की इस उपलब्धि से उनके सहकर्मियों, अधिवक्ता साथियों एवं क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को विधि एवं न्याय के क्षेत्र में उनके निरंतर अध्ययन, शोध और अकादमिक रुचि की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
















