Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया

हल्द्वानी, 15 अगस्त 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, वृक्षारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण, पत्रिका एवं न्यूज लेटर का विमोचन तथा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आत्ममंथन का भी पर्व है, जो हमें स्वतंत्रता के साथ अपने दायित्वों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।

कुलपति ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षण संस्थान होने के बावजूद उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय अपने शिक्षार्थियों से निरंतर जुड़कर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने अनेक अग्रणी संस्थानों के साथ एमओयू किए हैं, जिनके माध्यम से विश्वविद्यालय विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के संकल्प के साथ वृक्षारोपण किया गया।

बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगीत एवं वंदेमातरम् की प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इस दौरान ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’, निकिता कुतलकोटी द्वारा ‘संदेशे आते हैं’, महेश कुमार द्वारा झूला गीत, सूरज जोशी द्वारा ‘ओ देश मेरे, तेरी शान से बढ़के’ तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों की विशेष प्रस्तुति सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

प्रो. रेनू प्रकाश ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में इस अवसर पर तीन चरणों में विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने प्रथम एवं द्वितीय चरण में आयोजित कार्यक्रमों का भी संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सोनम गुलाटी, नीरज सिंह एवं दिवाकर खोलिया, मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका आर्य, मीतू एवं बबली तथा क्विज प्रतियोगिता में हिमांशु पुनेठा, दिग्विजय, सागर उप्रेती, गौरव उपाध्याय, कृतिका त्रिवेदी एवं मानताशा सहित अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। संगीत कार्यक्रम के प्रतिभागियों संदीप सिंह सोढ़ी एवं महेश चन्द्र सहित अन्य प्रतिभागियों तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

इसी अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ एवं न्यूज लेटर का विमोचन किया।

समाज कार्य विभाग की ओर से शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने दायित्वों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का संयोजन विभाग की समन्वयक डॉ. नीरजा सिंह ने किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश को स्वतंत्रता दिलाने वाले वीरों तथा देश की स्वतंत्रता की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय परिवार एवं प्रतिभागियों का आभार जताया।

समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षार्थी उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, उत्साह और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओत-प्रोत रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page