उत्तराखण्ड
5 हजार पूर्व सैनिकों के मिलन समारोह की तैयारियां तेज, 10 सितंबर को हल्द्वानी में जुटेंगे पूर्व सैनानी

हल्द्वानी, 8 सितंबर 2026। कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को उपनल कार्यालय हल्द्वानी में मीडिया से वार्ता करते हुए बताया कि 10 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे वाटिका गार्डन, हल्द्वानी में “भारतीय सैन्य बलों एवं अर्द्धसैनिक बलों के गौरव सेनानियों का मिलन समारोह” आयोजित किया जाएगा। समारोह में करीब 5 हजार पूर्व सैनिकों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा।
मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने वीरता पदक प्राप्त करने वाले पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि शहीद सैनिकों की विधवाओं को मिलने वाली शहीद अनुदान राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। अब तक 28 शहीद परिवारों के सदस्यों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि देश के प्रथम राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, प्रथम CDS स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और द्वितीय CDS जनरल अनिल चौहान का संबंध उत्तराखंड से है। उन्होंने कहा कि तृतीय CDS भी गढ़वाल रेजिमेंट से संबंधित हैं।
अक्टूबर में जनता को समर्पित होगा सैन्य धाम
सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि देहरादून में विशाल सैन्य धाम का निर्माण किया गया है, जिसे लगभग अक्टूबर माह में जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सैन्य धाम में शहीदों की वीरगाथाओं को प्रदर्शित करने के लिए 1,734 शहीद परिवारों के आंगन की मिट्टी और 28 नदियों का जल लाया गया है।
सैन्य धाम परिसर में बाबा जसवंत सिंह और बाबा हरभजन सिंह के मंदिर भी बनाए गए हैं। इसके अलावा वीर सैनिकों की गाथाओं को प्रदर्शित करने के लिए लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सैन्य धाम उत्तराखंड के चारधाम दर्शन के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि सीमा पर शहीद होने वाले वीर सैनिकों के पैतृक गांव में उनके नाम पर सड़क और विद्यालय का नामकरण तथा शहीद की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य सरकार द्वारा प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला तथा क्षेत्रीय परियोजना अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गोविंद सिंह कन्याल (अवकाश प्राप्त) मौजूद रहे।

















