उत्तराखण्ड
देहरादून में भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आयोजित


भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव (बीएम-I) श्रीमती पौसुमी बासु ने किया, जबकि नेपाल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री आनंद कफ्ले ने किया।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन और सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की तथा सहयोग को और अधिक मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
चर्चा में सीमा पार से होने वाले अपराधों एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, सीमा से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा उसके प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। इसके अंतर्गत एकीकृत जांच चौकियों (आईसीपी), सड़कों और रेलवे नेटवर्क को सुदृढ़ करने के विषय पर चर्चा हुई।
इसके अलावा सीमा क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने तथा सीमा स्तंभों (बाउंड्री पिलर) के रखरखाव से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत समन्वय और क्षमता विकास को मजबूत करने की आवश्यकता पर विचार साझा किए तथा निरंतर सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक के अंत में दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक परस्पर सुविधाजनक तिथि पर नेपाल में आयोजित की जाएगी।
प्रेस सूचना ब्यूरो
भारत सरकार, देहरादून

















