Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में ऑटो-विक्रम के खिलाफ परिवहन विभाग का सघन अभियान, 75 से अधिक चालान और 8 वाहन सीज

बिना पीयूसी, मनमाना किराया और किराया सूची न लगाने वालों पर हुई कार्रवाई, 50 से अधिक वाहनों की मौके पर कराई प्रदूषण जांच

हल्द्वानी। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग अरविंद पाण्डेय के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सोमवार को हल्द्वानी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं क्षेत्रों में ऑटो और विक्रम वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 75 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि 8 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

परिवहन विभाग की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अत्यधिक धुआं उत्सर्जित करने वाले वाहनों, बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) के संचालित तिपहिया वाहनों, यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने तथा वाहनों में निर्धारित किराया सूची चस्पा नहीं करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।

अभियान के दौरान बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र के संचालित 10 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, मौके पर ही प्रदूषण जांच केंद्रों के माध्यम से 50 से अधिक वाहनों की प्रदूषण जांच कराई गई और जांच के बाद उन्हें तत्काल वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र जारी करवाए गए।

यात्रियों की सुविधा और किराये में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वाहनों में निर्धारित किराया सूची चस्पा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई। किराया सूची नहीं पाए जाने पर 25 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

छह टीमों ने संभाला मोर्चा

शहर में चलाए गए इस विशेष अभियान के लिए परिवहन विभाग की छह अलग-अलग प्रवर्तन टीमें गठित की गई थीं। इनमें परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, अपराजिता पांडे और अनुभा आर्य, परिवहन उपनिरीक्षक गिरीश कांडपाल, आर.सी. पवार और नंदन सिंह अपने-अपने प्रवर्तन दल के साथ शामिल रहे।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पाण्डेय ने सभी ऑटो एवं विक्रम वाहन स्वामियों और चालकों से अपने सभी वैध दस्तावेज पूर्ण रखने के बाद ही वाहनों का संचालन करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों में निर्धारित किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा होनी चाहिए और यात्रियों के साथ चालक का व्यवहार सौम्य एवं मर्यादित होना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन के परमिट के विरुद्ध निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात नियमों के अनुपालन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page