उत्तराखण्ड
सड़क सुरक्षा अभियान में 1005 वाहनों के चालान, 37 वाहन सीज




हल्द्वानी, 8 सितंबर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए हल्द्वानी संभाग में दो दिवसीय विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय के निर्देश पर 7 और 8 सितंबर को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों में प्रवर्तन दलों ने व्यापक स्तर पर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1,005 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 37 वाहनों को सीज किया गया।
ऊधमसिंह नगर में सर्वाधिक कार्रवाई
ऊधमसिंह नगर जिले में सर्वाधिक 566 वाहनों के चालान किए गए और 22 वाहन सीज किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 439, सहयात्री के हेलमेट न पहनने के 434, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग के 69, बिना सीट बेल्ट के 47, काली फिल्म के एक, बिना वैध प्रपत्र के 82, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 32 तथा अन्य मामलों में 225 चालान शामिल हैं।
नैनीताल में 329 चालान, 11 वाहन सीज
नैनीताल जनपद में चेकिंग के दौरान 329 चालान किए गए और 11 वाहन सीज किए गए। इनमें बिना हेलमेट चालक के 181, बिना हेलमेट सहयात्री के 115, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग के 22, बिना सीट बेल्ट के 28, काली फिल्म के दो, बिना वैध प्रपत्र के 42, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 22 तथा अन्य अभियोगों में 90 चालान किए गए।
चम्पावत में 110 वाहनों के चालान
चम्पावत जनपद में अभियान के दौरान 110 वाहनों के चालान किए गए और चार वाहन सीज किए गए। इनमें बिना हेलमेट चालक के 41, बिना हेलमेट सहयात्री के 45, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग के चार, बिना वैध प्रपत्र के दो, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दो तथा अन्य मामलों में 26 चालान शामिल हैं।
हल्द्वानी में टैक्सी-मैक्सी वाहनों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान हल्द्वानी शहर के प्रमुख मार्गों के साथ ही परिवहन निगम और केएमओयू बस स्टेशन के आसपास अनधिकृत रूप से सवारियां भरते पाए गए टैक्सी-मैक्सी वाहनों के खिलाफ भी कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
संभाग में हुई कुल कार्रवाई में 661 चालान बिना हेलमेट चालक, 594 बिना हेलमेट सहयात्री, 95 स्टंट/ट्रिपल राइडिंग, 75 बिना सीट बेल्ट, तीन काली फिल्म, 126 बिना वैध प्रपत्र, 56 बिना ड्राइविंग लाइसेंस और 341 अन्य अभियोगों से संबंधित रहे।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और सहयात्री दोनों मानक के अनुरूप आईएसआई मार्क वाला हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें, स्टंट और ट्रिपल राइडिंग से बचें तथा वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखें।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन प्रवर्तन अभिया£न जारी रहेगा।

















