उत्तराखण्ड
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल उपचार देने के निर्देश




नैनीताल ,,सीएमओ ने सीएचसी गरमपानी, भीमताल, भवाली और सुयालबाड़ी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए लगातार तैयार रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा और खुशियों की सवारी सेवा को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंदों को समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग, आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित की जाएगी।





















