Connect with us

उत्तराखण्ड

श्री राम उपनगर में संघ का विजयदशमी उत्सव संपन्न, भव्य पथ संचलन पर जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

श्री राम उपनगर में संघ का विजयदशमी उत्सव संपन्न, भव्य पथ संचलन पर जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

शस्त्र पूजन और ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता पर दिया जोर

हल्द्वानी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के श्री राम उपनगर की ओर से मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयदशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन काठगोदाम-शीशमहल क्षेत्र में गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में उपनगर क्षेत्र के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में प्रतिभाग किया। भव्य पथ संचलन के दौरान घोष की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों और स्वयंसेवकों के अनुशासित कदमताल ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। स्थानीय नागरिकों और मातृशक्ति ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

शीशमहल स्थित रामलीला मैदान में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता प्रांत संघचालक बहादुर सिंह बिष्ट तथा सह विभाग संघचालक डॉ. नीलांबर भट्ट ने संयुक्त रूप से शस्त्र पूजन और ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में वक्ताओं ने विजयदशमी के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता प्रांत संघचालक बहादुर सिंह बिष्ट ने स्वयंसेवकों और उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता तथा समाज को संगठित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए समाज में एकता, अनुशासन, आपसी सद्भाव और सेवा भावना का होना आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा के कार्यों में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

शस्त्र पूजन और बौद्धिक सत्र के उपरांत रामलीला मैदान से भव्य पथ संचलन प्रारंभ हुआ। संचलन कैनाल रोड और हाइडिल चौराहे से होते हुए निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ा और पुनः अपने गंतव्य पर पहुंचकर संपन्न हुआ। पूर्ण गणवेश में कतारबद्ध स्वयंसेवकों के अनुशासित कदमताल और घोष की देशभक्ति धुनों ने मार्ग से गुजर रहे लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और मातृशक्ति ने पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में सह प्रांत बौद्धिक प्रमुख राजेश, विभाग ग्राम विकास प्रमुख जीवन, सह जिला कार्यवाह राजकुमार, नगर कार्यवाह प्रकाश, सह नगर सेवा प्रमुख नवीन सहित श्री राम उपनगर कार्यकारिणी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर संघ के स्थानीय पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मुख्य अतिथियों, संघ के अधिकारियों, स्वयंसेवकों, स्थानीय प्रशासन, क्षेत्रवासियों तथा प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page