उत्तराखण्ड
शुद्धिकरण के नाम पर राहुल गांधी और कांग्रेस का विभाजनकारी षड्यंत्र: नितिन नबीन
शुद्धिकरण के नाम पर राहुल गांधी और कांग्रेस का विभाजनकारी षड्यंत्र: नितिन नबीन






राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धामी सरकार और प्रदेश संगठन की पीठ थपथपाई, 2027 में भाजपा की जीत का किया आह्वान
हल्द्वानी,,, 9 सितंबर 2026। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस के कथित ‘वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति’ पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि को राजनीतिक षड्यंत्र के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन देवभूमि की जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता की भूमि है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश संगठन की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने पार्टी की विचारधारा और संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ अभी से पूरी ताकत से जुट जाएं और इसके बाद 2029 के लोकसभा चुनाव की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ें।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नितिन नबीन ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास दलितों के अपमान का रहा है। उन्होंने सीताराम केसरी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम से जुड़े राजनीतिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दलित समाज के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद सफाई कर्मचारी के रूप में काम करने के लिए मजबूर किया जाता था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डॉ. आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास किया गया और दलित एवं वंचित समाज के सम्मान के लिए अनेक कदम उठाए गए।
धामी सरकार की उपलब्धियों की सराहना
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार ने भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धताओं को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, महिलाओं को सरकारी सेवाओं में आरक्षण तथा सहकारी समितियों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे निर्णयों की सराहना की।
उन्होंने शहीदों के आश्रितों को अनुग्रह राशि तथा दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना के तहत होम स्टे जैसी योजनाओं को भी राज्य के लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने वाला कदम बताया।
नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत केवल सत्ता प्राप्त करने का विषय नहीं है, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा और संकल्पों की जीत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती गांवों को ‘अंतिम गांव’ के बजाय ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने की सोच सामने आई है। सीमाओं तक सड़कों के निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे केंद्र सरकार की बदली हुई नीति का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रवाद और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
नितिन नबीन ने कहा कि 2014 के बाद देश में विकास और आत्मविश्वास का नया वातावरण बना है। उन्होंने स्टार्टअप, खेलो इंडिया, महिला सशक्तीकरण, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का युवा अब केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान देश में 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज लगाई गईं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर जाएं: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड से चार लोगों को राष्ट्रीय टीम में स्थान मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी समृद्ध विरासत, सामाजिक मूल्यों और सामर्थ्य के साथ विश्व में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत करने और ‘विकसित उत्तराखंड’ के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सरकार के कामों का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद अनुच्छेद 370 हटाने, श्रीराम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर प्रतिबंध और जीएसटी जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 60 वर्षों तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस अब देश और विदेश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार को बेनकाब करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘यह दशक उत्तराखंड का होगा’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं। वहीं, आदि कैलाश यात्रा में भी इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या 60 हजार से अधिक हो गई है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर जाएं और जनता का विश्वास हासिल करें। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

















