उत्तराखण्ड
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, 23 अक्टूबर से EVM की प्रथम स्तरीय जांच




हल्द्वानी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 23 अक्टूबर से शुरू होगी। इसके मद्देनजर बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आयोजित निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एफएलसी की तैयारियों का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी मोनिका ने बताया कि जांच प्रक्रिया की तैयारी के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष वेयरहाउस हॉल खोला गया है। यहां एफएलसी टीम के बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य जरूरी तैयारियां की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में उपलब्ध 1,541 बैलेट यूनिट (बीयू), 2,716 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 2,224 वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की जाएगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ईसीआईएल) के विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम इसे संपन्न कराएगी।
जांच के दौरान प्रत्येक मशीन की कार्यक्षमता परखी जाएगी। जो मशीनें खराब पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल जांच प्रक्रिया से अलग कर दिया जाएगा। एफएलसी की पूरी प्रक्रिया में लगभग 10 से 12 दिन का समय लगने की संभावना है।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के साथ भाजपा, कांग्रेस, बसपा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





