उत्तराखण्ड
लोक भवन को जनभावनाओं से जोड़कर जनकल्याण और विकास का केंद्र बनाना रहा प्रयास : राज्यपाल


लोक भवन को जनभावनाओं से जोड़कर जनकल्याण और विकास का केंद्र बनाना रहा प्रयास : राज्यपाल
देहरादून, 13 अक्टूबर। उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को लोक भवन में ‘सेवा, समर्पण और नवाचार के पांच वर्ष’ शीर्षक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। लोक भवन सूचना परिसर द्वारा तैयार इस पुस्तक में राज्यपाल के पांच वर्ष के कार्यकाल, प्रमुख पहलों, उपलब्धियों और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
राज्यपाल ने 15 सितंबर, 2026 को उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में अपने पांच वर्ष पूरे किए हैं। इस पुस्तक में उनके प्रेरणादायक विचारों के साथ विभिन्न मिशनों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं आधुनिक तकनीक, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास और सामाजिक सरोकारों से संबंधित पहलों को स्थान दिया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक केवल पांच वर्षों की गतिविधियों और उपलब्धियों का संकलन नहीं है, बल्कि सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, नवाचार और जनहित में किए गए प्रयासों का महत्वपूर्ण दस्तावेज भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक में प्रस्तुत पहलें प्रदेश में नवाचार, जनभागीदारी और विकास को नई दिशा देने के लिए प्रेरित करेंगी।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में पांच वर्ष का सफर उनके लिए सेवा, सीखने और प्रदेश की जनता से जुड़ने की प्रेरणादायक यात्रा रहा है। देवभूमि एवं वीरभूमि उत्तराखण्ड की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास रहा है कि लोक भवन जनभावनाओं से जुड़कर जनकल्याण, नवाचार और विकास के नए विचारों को आगे बढ़ाने का केंद्र बने।
वाद-विवाद प्रतियोगिता के प्रतिभागी भी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने हाल ही में लोक भवन में आयोजित सूचना का अधिकार विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विचार अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





















