उत्तराखण्ड
मेडिकल कॉलेज और बेस चिकित्सालय की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, डीएम ने की समीक्षा बैठक

वैकल्पिक सड़क निर्माण से लेकर बिजली, पानी, सड़क सुधारीकरण और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्थाएं प्राथमिकता पर होंगी दुरुस्त
पिथौरागढ़, 4 नवंबर। राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ एवं बेस चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों व आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने विगत देर सायं कैम्प कार्यालय में मेडिकल कॉलेज एवं बेस चिकित्सालय परिसर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्राचार्य डॉ. सिंह ने संस्थान एवं बेस चिकित्सालय परिसर की विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्राचार्य ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क निर्माण को पूर्व में स्वीकृति मिल चुकी है। यह सड़क मेडिकल कॉलेज परिसर के निकट रहने वाले ग्रामीणों के आवागमन के लिए आवश्यक है। साथ ही कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने के मद्देनजर राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मानकों, विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं संस्थान की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के लिए भी इसका निर्माण महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग को आवश्यक संयोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिजली की कमी के कारण कॉलेज के संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।
बेस चिकित्सालय, चिकित्सक हॉस्टल एवं राजकीय आवासीय परिसर में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल संस्थान को निर्देशित किया गया। वहीं, जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ से बेस चिकित्सालय तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत एवं सुधारीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने के साथ ही रात्रि में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ (चंडाक) एवं बेस चिकित्सालय परिसर से प्रतिदिन सूखा कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। इसके लिए नगर आयुक्त, नगर निगम पिथौरागढ़ को दोनों परिसरों में नियमित कूड़ा उठान हेतु वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज एवं बेस चिकित्सालय से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का सुचारू संचालन, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।





