उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी खेल महाकुंभ में नैतिक और मानस पाल का शानदार प्रदर्शन


11 वर्षीय नैतिक ने 230 किलो और 14 वर्षीय मानस ने 470 किलो वजन उठाकर जीता स्वर्ण पदक
हल्द्वानी। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी खेल महाकुंभ-2026 की पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में हल्द्वानी के दो होनहार भाइयों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिला नैनीताल का नाम रोशन किया।
हल्द्वानी निवासी 11 वर्षीय नैतिक पाल ने पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कुल 230 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं उनके बड़े भाई 14 वर्षीय मानस पाल ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 470 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों भाइयों की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और हल्द्वानी के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
पदक जीतकर हल्द्वानी लौटने पर दोनों खिलाड़ियों का शानदार स्वागत किया गया। परिवार, मित्रों, समाज और पुलिस परिवारों की ओर से फोन कॉल, सोशल मीडिया तथा व्यक्तिगत रूप से घर पहुंचकर दोनों भाइयों को बधाई देने का सिलसिला जारी है।
नैतिक और मानस के पिता मुकेश पाल स्वयं पावरलिफ्टिंग में कॉमनवेल्थ चैंपियन रह चुके हैं और वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं उनकी माता डॉ. सुधा पाल भी तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित हैं। माता-पिता के खेल के प्रति समर्पण और मार्गदर्शन का प्रभाव दोनों बच्चों की उपलब्धियों में भी दिखाई दे रहा है।
दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर राशिका सिद्दीकी तथा गोलापार यूनिवर्सिटी के कुलपति एवं प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं दोनों भाई सिंथिया स्कूल के छात्र हैं। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक परवीन रौतेला एवं समस्त स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्कूल पहुंचने पर नैतिक और मानस का विशेष स्वागत किया जाएगा।
कम उम्र में पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में दोनों भाइयों की इस उपलब्धि को उनके परिवार और विद्यालय के साथ-साथ हल्द्वानी के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि नैतिक और मानस आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।

















