उत्तराखण्ड
मान्यता प्रक्रिया के बीच संचालित दो मदरसे सील, प्रशासन ने की कार्रवाई

प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा में की जांच
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में मान्यता प्रक्रिया के बीच संचालित किए जा रहे दो मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और उपजिलाधिकारी मोनिका आर्य के नेतृत्व में प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाकर मदरसों का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने मदरसा संचालकों से बातचीत कर संस्थानों के संचालन से संबंधित दस्तावेजों और अनुमति पत्रों की जानकारी ली। दस्तावेजों की जांच के बाद दोनों मदरसों को सील कर दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के गठन के बाद मदरसा बोर्ड को भंग किया जा चुका है। वर्तमान व्यवस्था के तहत मदरसों को शिक्षा विभाग तथा उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति प्राप्त करनी होगी। उन्होंने बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में कुछ मदरसों के बिना आवश्यक अनुमति संचालित होने की जानकारी सामने आई थी। इसी क्रम में संयुक्त टीम द्वारा जांच की गई और दो संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना आवश्यक अनुमति के संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने मदरसा संचालकों से सभी जरूरी दस्तावेज और अनुमति प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही संस्थान संचालित करने की अपील की है।
मदरसा संचालकों ने कहा- 30 सितंबर तक मान्यता की प्रक्रिया पूरी करने का समय
वहीं, कार्रवाई के बाद मदरसा संचालकों ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मान्यता हासिल करने की प्रक्रिया पहले से चल रही है। संचालकों के अनुसार, 30 सितंबर तक मान्यता प्राप्त करने का समय दिया गया है और इसी के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मान्यता से संबंधित निरीक्षण भी अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है और जल्द ही मान्यता प्रमाणपत्र प्राप्त होने की उम्मीद है।
मदरसा संचालकों का कहना है कि संस्थानों की मान्यता को लेकर विभागीय स्तर पर प्रक्रिया जारी है और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।

















