उत्तराखण्ड
माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव की सफल व्यवस्थाओं पर नैनीताल पुलिस सम्मानित


श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला-बाल सुरक्षा और खोया-पाया व्यवस्था में पुलिस की भूमिका की सराहना
नैनीताल। माँ नंदा-सुनंदा पावन पर्व एवं महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर नैनीताल पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्री राम सेवक सभा एवं मंदिर समिति की ओर से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस द्वारा महोत्सव के दौरान किए गए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों की आयोजन समिति और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने सराहना की।
महोत्सव के दौरान पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए व्यापक व्यवस्थाएं कीं। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार ग्राउंड पर मुस्तैद रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
सुरक्षा के साथ संवेदनशीलता का भी परिचय
महोत्सव के दौरान पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रही। पुलिसकर्मियों ने जनसेवा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता की। मेले के दौरान परिजनों से बिछड़े बच्चों एवं बुजुर्गों को सकुशल उनके परिवारजनों से मिलाया गया। वहीं गुम हुए मोबाइल फोन, पर्स, नगदी, चाबी, बैग एवं अन्य सामान को तलाश कर आवश्यक सत्यापन के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किया गया।
पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल से लोगों को राहत मिली और पुलिस-जनता के बीच विश्वास की भावना को भी मजबूती मिली।
बेहतर समन्वय और ग्राउंड पर मुस्तैदी रही खास
महोत्सव के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यकता के अनुसार तत्काल निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को सुचारू कराया। विभिन्न विभागों, मेला समिति, मंदिर समिति, व्यापार मंडल एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया।
श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने नैनीताल पुलिस की सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया, अनुशासन, समन्वय एवं जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
समिति और व्यापार मंडल के पदाधिकारी रहे मौजूद
सम्मान समारोह में श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल की ओर से अध्यक्ष मनोज शाह, उपाध्यक्ष अशोक शाह, महासचिव जगदीश बलवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष विनय चौधरी, पूर्व महासचिव देवेंद्र लाल शाह, सदस्य एडवोकेट मनोज शाह, सदस्य प्रो. ललित तिवाड़ी, हरीश राणा, मोहित लाल साह, कैलाश जोशी, संदीप साह, कार्यकर्ता वीरेन्द्र मेहरा एवं आनन्द बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रतिनिधियों ने महोत्सव के दौरान नैनीताल पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं जनसहयोग संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।
पुलिस अधिकारियों ने जताया आभार
सम्मान समारोह के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, मेला चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील बिष्ट, एसआई दिनेश जोशी, पीआरओ हेमा ऐठानी एवं एसआई संजीत राठौड़ सहित ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने सम्मान एवं उत्साहवर्धन के लिए श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

















