उत्तराखण्ड
भीमताल में महिला स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा: भावना मेहरा




राज्यमंत्री ने किया पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर का शुभारंभ, कहा- स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
हल्द्वानी/भीमताल। महिला सशक्तीकरण, स्थानीय उत्पादों के संरक्षण और महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में रविवार को भीमताल में पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर का शुभारंभ आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टोर की संचालिका अंजू पांडेय को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को एक मंच और बाजार उपलब्ध कराना मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राज्यमंत्री भावना मेहरा ने कहा कि पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर की विशेषता यह है कि यहां पहाड़ की पारंपरिक कृषि उपज, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्टोर में शुद्ध हल्दी, पहाड़ी शहद, लाल चावल, कीवी स्क्वैश, मडुवे का आटा, पहाड़ी अचार, मिलेट उत्पाद, गहत, पहाड़ी राजमा, अलसी, जख्या, रिंगाल की टोकरियां और हस्तनिर्मित मोमबत्तियों सहित अनेक स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि ये उत्पाद केवल उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्थानीय महिलाओं की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता को भी नई पहचान प्रदान कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महिलाओं को अपने उत्पादों के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिलेगा।
भावना मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को धरातल पर उतारने में इस तरह की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार और पहचान मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा महिला उद्यमियों के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि पहाड़ के उत्पादों में गुणवत्ता, परंपरा और स्थानीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान समाहित है। जरूरत इस बात की है कि इन उत्पादों को उचित मंच, बाजार और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने तथा महिला उद्यमियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला मंत्री प्रकाश भट्ट, मनोज, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट मीनाक्षी भगत, परवीन पटवाल, राधा कुल्याल, भगवती सुयाल, रचना मेहरा, लता पांडेय, चंपा नयाल, प्रेमा सुयाल, हिमानी फुलारा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





