उत्तराखण्ड
भीमताल के वार्ड-3 में एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप, बूंद-बूंद पानी को तरसे दर्जनों परिवार



आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन अब तक नहीं हुई दुरुस्त, विभागीय उदासीनता से स्थानीय लोगों में आक्रोश
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल नगर के वार्ड संख्या-3 के अंतर्गत नौल, बिजरौली और शाह खोला क्षेत्र में पिछले करीब एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप होने से दर्जनों परिवार गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइन अब तक दुरुस्त नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लंबे समय से पानी की आपूर्ति बाधित रहने के कारण क्षेत्रवासियों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने बताया कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं द्वारा पेयजल संकट की जानकारी जल संस्थान के अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन अभी तक क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर बृजवासी ने सचिव, मुख्यमंत्री उत्तराखंड शासन/आयुक्त कुमाऊं मंडल, जिलाधिकारी नैनीताल, एसडीएम नैनीताल, सीडीओ नैनीताल तथा जल संस्थान के महाप्रबंधक, अधिशासी अभियंता नैनीताल और सहायक अभियंता भीमताल को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन के माध्यम से आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत कर क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है।
बृजवासी ने कहा कि पेयजल आपूर्ति लंबे समय से बाधित होने के बावजूद यदि विभाग ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्र की जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

















