Connect with us

उत्तराखण्ड

भव्य स्वागत से गूंजा हल्द्वानी, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार

मालधनचौड़ से हल्द्वानी तक जगह-जगह हुआ अभिनंदन, बोले—जनहित और उत्तराखंड का विकास रहेगी प्राथमिकता

हल्द्वानी, 18 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या के रविवार को पहली बार अपने गृह जनपद नैनीताल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। मालधनचौड़ से लेकर हल्द्वानी तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं, पुष्पवर्षा और नारों के साथ उनका स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम चार बजे हल्द्वानी के भाकड़ा पुल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ दिनेश आर्या का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वाहन रैली के रूप में उनका काफिला लामाचौड़, फतेहपुर, ब्लॉक, कुसुमखेड़ा, लालडांठ, गुसाईं नगर, कालाढूंगी रोड और नैनीताल रोड होते हुए काठगोदाम स्थित शहीद पार्क पहुंचा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा मंडलों, पार्टी के मोर्चों और सामाजिक संगठनों की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।

स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के अल्पसंख्यक, ओबीसी, अनुसूचित, महिला, किसान और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने दिनेश आर्या को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से नैनीताल जिले सहित पूरे उत्तराखंड की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती से उठेगी।

चार दशक की संगठनात्मक यात्रा को बताया महत्वपूर्ण

कार्यक्रम के समापन पर शहीद पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या ने पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए गौरव के साथ-साथ जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। वह इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से करेंगे।

उन्होंने कहा कि वह पिछले चार दशकों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। इस लंबी संगठनात्मक यात्रा में उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और हजारों कार्यकर्ताओं का स्नेह प्राप्त हुआ है। आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें कार्यकर्ताओं की मेहनत, विश्वास और निरंतर सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

दिनेश आर्या ने अपने स्वागत में उमड़े कार्यकर्ताओं के उत्साह और स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत है और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर ही भाजपा लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखेंगे तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड के विकास और जनता की आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

जिलाध्यक्ष ने बताया संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि

भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने दिनेश आर्या को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनका लंबा संगठनात्मक अनुभव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। गृह जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं में दिखाई दिया उत्साह संगठन की मजबूती और उनके प्रति कार्यकर्ताओं के स्नेह का प्रतीक है।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिला प्रभारी विवेक सक्सेना, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी भुवन जोशी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी, दायित्वधारी सुरेश भट्ट, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, दीपक मेहरा, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हरीश पांडे, जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, प्रताप बोरा, प्रतिभा जोशी, विजय लक्ष्मी चौहान, बेला तोलिया, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कुंवर और जिला अध्यक्ष रवींद्र बाली सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page