उत्तराखण्ड
ब्लैकमेलिंग से जुड़े विवाहिता आत्महत्या प्रकरण का लालकुआं पुलिस ने किया खुलासा

मुख्य आरोपी आशिक अली गिरफ्तार, ब्लैकमेलिंग में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद; दो अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी
लालकुआं/हल्दूचौड़। ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू में विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले का लालकुआं पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से महिला को ब्लैकमेल किया जा रहा था। पुलिस ने ब्लैकमेलिंग में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 6 अगस्त 2026 को ग्राम गंगापुर कबडाल निवासी एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मृतका के पिता राजेन्द्र प्रसाद, निवासी मुक्तेश्वर ने थाना लालकुआं में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आशिक अली ने महिला को अपने जाल में फंसाकर कथित आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया, जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी मानसिक प्रताड़ना के बीच 6 अगस्त को उसने आत्महत्या कर ली।
मामले में यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली और देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। तहरीर में विजय पलड़िया द्वारा इन धमकियों के कारण अपने कार्य में भी परेशानी होने की बात कही गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुआं में मु0अ0सं0 146/2026, धारा 108/351(2) भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है।
साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आशिक अली को 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
दो अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार साहिब अली और देवेश गंगवार के खिलाफ वादी की तहरीर में मृतका के पति को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों की भूमिका, धमकी से जुड़े तथ्यों और प्रकरण में उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दोनों आरोपी वर्तमान में फरार बताए गए हैं और पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी,,आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़।
फरार आरोपी साहिब अली पुत्र भूरे शाह, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश।
देवेश गंगवार, निवासी लालकुआं, जनपद नैनीताल। ,मोबाइल फोन बरामद,,पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक अली के पास से वह मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसका प्रयोग कथित आपत्तिजनक फोटो/वीडियो बनाने एवं भेजने में किया गया था।
पुलिस टीम अर्जुन गिरी, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़,कानि. गुरमेज सिंह
कानि. कुबेर सिंह
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है और फरार आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















