उत्तराखण्ड
प्रसव केंद्रों की स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, औचक निरीक्षण के निर्देश
प्रसव केंद्रों की स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, औचक निरीक्षण के निर्देश




नैनीताल, 31 अगस्त। जनपद के सभी प्रसव केंद्रों को स्वच्छ, संक्रमणमुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने सभी ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को प्रसव केंद्रों की नियमित एवं औचक जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण अथवा आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर संबंधित ब्लॉक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने सभी ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रसव केंद्रों की व्यवस्थाओं के साथ टीबी मुक्त भारत अभियान, जल जनित रोगों की रोकथाम, प्रतिरक्षण, गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं नियंत्रण, एचपीवी वैक्सीनेशन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीएमओ ने कहा कि प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी प्रसव केंद्रों में संक्रमण नियंत्रण के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को प्रसव केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के साथ ही औचक निरीक्षण करने तथा उसकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, आवश्यक संसाधन और सुरक्षित प्रसव से संबंधित व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखी जाएं।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान, जल जनित रोगों की रोकथाम, प्रतिरक्षण कार्यक्रम, गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं नियंत्रण, एचपीवी टीकाकरण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। सीएमओ ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सभी कार्यक्रमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. पंत ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है। आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा फैसिलिटेटरों, माई भारत वॉलिंटियर्स, स्कूल शिक्षकों और पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग से सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
एचपीवी वैक्सीनेशन में जनपद की बेहतर प्रगति पर सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना की। उन्होंने अभियान को और गति देने तथा टीकाकरण को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को सही एवं तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल, डॉ. रेनू सूठा, डॉ. गणेश धर्मशक्तू, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश ठकरियाल तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

















