उत्तराखण्ड
पंत पार्क में सीएम धामी ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत को दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा



हल्द्वानी, 10 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित पंत पार्क में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंडित पंत को उत्तराखंड की धरती का गौरव बताते हुए उनके जीवन और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत उत्तराखंड के गौरव और हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में जन्मे पंडित पंत ने अपनी प्रतिभा, त्याग और दूरदर्शी नेतृत्व से देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।
उन्होंने कहा कि पंडित पंत ने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ निर्भीकता से आवाज उठाई। स्वतंत्रता के बाद उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रशासनिक सुधार, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के गृहमंत्री के रूप में पंडित पंत ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में भी उनका ऐतिहासिक योगदान रहा। सादगी, ईमानदारी, त्याग और जनसेवा के उनके मूल्य आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण और विकास की प्रेरणा भी पंडित पंत के विचारों से मिलती है। राज्य सरकार उनके सपनों के उत्तराखंड को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत पार्क में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पंत फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक गोपाल रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

















