Connect with us

उत्तराखण्ड

नैनीताल पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चार गिरफ्तार; छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल में करते थे बाइक चोरी, मैकेनिक की मदद से बेचते थे वाहन और उनके पार्ट्स; एसएसपी ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये से किया पुरस्कृत

पवनीत सिंह बिंद्रा

हल्द्वानी नैनीताल जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन युवक वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे, जबकि एक मोटरसाइकिल मैकेनिक चोरी के वाहनों को खरीदकर उन्हें आगे बेचने और उनके पार्ट्स अलग-अलग करने का काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, बनभूलपुरा क्षेत्र के इंद्रानगर काटा निवासी नाजिम ने 11 अक्टूबर 2026 को अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP25Q4376 घर के बाहर से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा संख्या 171/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

वहीं, 24 अक्टूबर को गांधी स्कूल के पास वाली गली निवासी निजाम ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP22AJ5716 उत्तर उजाला क्षेत्र से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में भी बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा संख्या 185/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल तथा बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड पर पुलिस ने तीन युवकों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने करन पाठक (20), निवासी आरटीओ रोड, पाल कॉलेज, मुखानी; योगेश कुमार आर्या (21), निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, मुखानी; दीपक शर्मा (21), निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास, आरटीओ रोड तथा विजय श्रीवास्तव (22), निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया है। विजय श्रीवास्तव मोटरसाइकिल मैकेनिक बताया गया है।

चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस ने करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य स्प्लेंडर मॉडल शामिल हैं। ये वाहन बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र के मामलों से संबंधित बताए गए हैं।

इसके अतिरिक्त विजय श्रीवास्तव के कब्जे से स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर सहित तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। ये वाहन काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्र से संबंधित हैं।

मैकेनिक के माध्यम से खपाते थे चोरी के वाहन

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की बाइकें विजय श्रीवास्तव को बेच दी जाती थीं। आरोप है कि विजय श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश से खरीदार बुलाकर पूरी मोटरसाइकिलें बेचता था या फिर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में खपाता था। इस काम से मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में भी मुकदमा संख्या 122/2026 धारा 303(2), 317(2) और 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल आनंद पुरी, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, रविन्द्र खाती, महबूब अली, रोहित कुमार, प्रेम प्रकाश और सुनील कुमार शामिल रहे।

वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर छह मोटरसाइकिलें बरामद करने वाली पुलिस टीम के सराहनीय कार्य पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोहों को कड़ा संदेश गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page