उत्तराखण्ड
दिव्यांगजनों के लिए हल्द्वानी में मेगा कैंप, 28 सितंबर तक मिलेंगी नि:शुल्क सुविधाएं

कैंप में हल्द्वानी, ऊधम सिंह नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के करीब चार हजार दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन के दौरान चलने-फिरने, बोलने, सुनने और देखने संबंधी दिव्यांगता वाले जरूरतमंदों को विभिन्न प्रकार की नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मेगा कैंप में पात्र लाभार्थियों को कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, वॉकर, एल्बो क्रच तथा वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराने के साथ ही सहायक उपकरणों की फिटिंग की सुविधा भी दी जा रही है। श्रवण संबंधी समस्या वाले लोगों की जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, दृष्टिबाधित एवं दृष्टि संबंधी समस्या वाले लोगों के लिए नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध है।
इसके साथ ही कैंप में यूडीआईडी कार्ड पंजीकरण, दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, कैरियर काउंसलिंग, व्यावसायिक मार्गदर्शन और रोजगार संबंधी सहायता भी प्रदान की जा रही है। इससे दिव्यांगजनों को केवल सहायक उपकरण ही नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने में भी मदद मिलेगी।
दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों तक कैंप का लाभ पहुंचाने के लिए भारतीय सेना एवं प्रशासन की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है। ऐसे लाभार्थियों को कैंप स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था में सहायता दी जा रही है, ताकि आर्थिक अथवा भौगोलिक कठिनाइयों के कारण कोई जरूरतमंद इस सुविधा से वंचित न रहे।
आयोजकों के अनुसार कैंप का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण और सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, सक्षम और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। 28 सितंबर तक चलने वाले इस शिविर में पात्र दिव्यांगजन पहुंचकर उपलब्ध नि:शुल्क सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

















