उत्तराखण्ड
त्योहारों पर शुद्धता का भरोसा, नगर निगम की अनूठी पहल से आत्मनिर्भर बनेंगी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं


हल्द्वानी। त्योहारों की खुशियों के बीच खाद्य पदार्थों की शुद्धता और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने एक सराहनीय एवं अनूठी पहल की है। इस पहल के माध्यम से जहां आम नागरिकों को शुद्ध एवं स्वच्छ खिले बतासे उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, वहीं स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
दरअसल, पिछले वर्ष त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खिले बतासों की गुणवत्ता एवं शुद्धता को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने इस वर्ष एक नई व्यवस्था शुरू की। इसके तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर स्वच्छता एवं गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप खिले बतासे तैयार करवाए गए हैं। तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए हल्द्वानी शहर में दो विशेष स्टॉल भी स्थापित किए गए हैं, जहां आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खिले बतासे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस विशेष पहल का अवलोकन करने के लिए रविवार को पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट तथा दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट विशेष स्टॉल पर पहुंचे। तीनों जनप्रतिनिधियों ने यहां से अपने परिवार के लिए खिले बतासे खरीदे और नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर की सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और समाज के प्रत्येक वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उनके हुनर के माध्यम से रोजगार देना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उत्पादन और बिक्री से जोड़ना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
महापौर ने नगरवासियों से अपील की कि वे नगर निगम द्वारा स्थापित विशेष स्टॉलों से ही खिले बतासे खरीदकर इस पहल को सफल बनाएं। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के परिश्रम, हुनर और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को प्रोत्साहित करें।
नगर निगम की यह पहल त्योहारों की खुशियों के साथ शुद्धता, स्वास्थ्य सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दे रही है।





