Connect with us

उत्तराखण्ड

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और शिक्षा, स्वास्थ्य व जनकल्याण को गति देना प्राथमिकता : राज्यपाल

देहरादून, 19 अक्टूबर। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को लोक भवन में उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया। शपथ के बाद राज्यपाल ने उत्तराखंड पुलिस के सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल डॉ. बिसेन ने देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरती और प्रदेश की जनता को नमन करते हुए उन्हें राज्य की सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का केंद्र है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चारधामों के साथ आदि कैलाश और जागेश्वर धाम इस प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान हैं। यहां के पर्यटन स्थल भी विश्वभर में प्रसिद्ध हैं।

उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। यहां लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य देश की रक्षा के लिए सेना में अपनी सेवाएं देता है। प्रदेश की मातृशक्ति सशक्त और प्रेरणादायी है। यहां के युवा, किसान और समाज के सभी वर्ग मेहनती एवं कर्मठ हैं। यही विशेषताएं उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करती हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने बाबा केदार के प्रांगण से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। राज्यपाल ने कहा कि इस विजन को साकार करने के लिए प्रदेश के विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर रहेगा विशेष जोर

राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनकी प्राथमिकता संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना, पद की गरिमा बनाए रखना और राज्य सरकार तथा जनता के साथ मिलकर प्रदेश के विकास को गति देना होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही उनका परम ध्येय है।

समारोह में मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास और मदन कौशिक भी समारोह में शामिल हुए।

इसके अलावा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और सविता कपूर, योग गुरु स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी तथा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के.के. शुक्ल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page