उत्तराखण्ड
ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को लेकर परिवहन मंत्री से मिला देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ


मनमाने चालान पर रोक, वाहन कर में छूट और OTS योजना लागू करने की उठाई मांग
देहरादून, 10 सितंबर। देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को प्रदेश के परिवहन मंत्री श्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात कर ट्रांसपोर्टरों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन संचालन के दौरान सामने आ रही समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए मंत्री के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुलिस द्वारा किए जा रहे मनमाने चालानों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, ताकि वाहन स्वामियों को अनावश्यक आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की परिवहन नीति की तर्ज पर उत्तराखंड में भी वाहन कर एवं अर्थदंड में छूट प्रदान करने की मांग की गई।
महासंघ ने प्रदेश में लंबित चालानों के निस्तारण तथा वाहन स्वामियों को राहत देने के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना तत्काल लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। महासंघ पदाधिकारियों का कहना था कि OTS योजना लागू होने से लंबे समय से लंबित चालानों के निस्तारण के साथ ही हजारों वाहन स्वामियों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।
परिवहन मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन देते हुए ट्रांसपोर्टरों को हरसंभव राहत उपलब्ध कराने की बात कही।
इस दौरान महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने परिवहन मंत्री का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत भी किया।
प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी, वरिष्ठ व्यापारी नेता दलजीत सिंह चड्ढा, ट्रांसपोर्ट नेता पंडित दया किशन शर्मा, विक्रम बिष्ट, उमेश पांडे, भास्कर जोशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

















