उत्तराखण्ड
ज्योलिकोट में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी जारी, नंदा देवी मेले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा




स्वास्थ्य शिविरों में 185 लोगों की जांच, 40 के लिए गए ब्लड सैंपल; गंभीर लक्षण वाले चार मरीज भर्ती
नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेवाएं और निगरानी लगातार जारी है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों की जांच की तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 64 मरीजों की जांच की गई। इस दौरान 40 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए, 61 लोगों की काउंसलिंग की गई तथा 10 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। गंभीर लक्षण वाले चार लोगों को उपचार के लिए भर्ती किया गया।
इसके अतिरिक्त चोपड़ा एवं बेलवाखान में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। सचल चिकित्सा वाहन के माध्यम से डोगरा क्षेत्र में 60 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
नंदा देवी मेले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने नैनीताल में आयोजित नंदा देवी मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित स्वास्थ्य स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य टीमों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का प्रयोग करने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेले में स्वच्छ स्थान पर तैयार भोजन का ही सेवन करें और केवल सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करें। खुले में रखे खाद्य पदार्थों तथा दूषित या संदिग्ध पानी के सेवन से बचना जरूरी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से अपील की कि भोजन करने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ अवश्य धोएं। कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और आसपास गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि उल्टी-दस्त, बुखार, पीलिया, सांस संबंधी परेशानी अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क करें या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
घर-घर सर्वे और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान जारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें ज्योलिकोट क्षेत्र में लगातार घर-घर सर्वे एवं स्वास्थ्य निगरानी कर रही हैं। टीमों द्वारा स्थानीय लोगों को जलजनित रोगों से बचाव, स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षित खान-पान के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
जरूरतमंद परिवारों को ओआरएस एवं जिंक का वितरण भी किया जा रहा है। विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें।

















