उत्तराखण्ड
ज्योलिकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी


स्वास्थ्य टीमों ने 251 लोगों की जांच, 42 ब्लड टेस्ट और 113 लोगों की काउंसलिंग; मलुवाताल में भी 77 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
नैनीताल, 28 सितंबर 2026। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। विभागीय टीमों द्वारा स्वास्थ्य जांच, उपचार, ब्लड सैंपलिंग, काउंसलिंग, टेली-कंसल्टेंसी के साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 72 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं बेलवाखान में 30 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 42 लोगों के ब्लड टेस्ट, 113 लोगों की काउंसलिंग तथा 16 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य टीमों द्वारा जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाएं भी वितरित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की लगातार निगरानी और जांच के बीच क्षेत्र में पीलिया एवं डायरिया के नए मामलों में कमी दर्ज की जा रही है। ब्लड सैंपलों की री-टेस्टिंग में भी स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं। इसके बावजूद विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी, स्वास्थ्य जांच और सैंपलिंग का कार्य लगातार जारी रखा जा रहा है।
ग्रामीणों से किया जनसंपर्क, स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने ग्राम ज्योली में जनसंपर्क कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और सुरक्षित भोजन के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा दी।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि उल्टी-दस्त, पीलिया, बुखार अथवा अन्य असामान्य स्वास्थ्य लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ज्योलिकोट क्षेत्र के रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान संचालकों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा ग्राहकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डॉ. पंत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट पहुंचकर स्वास्थ्य टीमों से क्षेत्र में चल रही गतिविधियों की जानकारी भी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित निगरानी, स्वास्थ्य जांच, जनजागरूकता और आवश्यक उपचार सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मलुवाताल में भी पहुंची स्वास्थ्य टीम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर मलुवाताल क्षेत्र में भी स्वास्थ्य टीम भेजी गई, जहां टीम द्वारा 77 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि ज्योलिकोट और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, भोजन से पहले तथा शौच के बाद साबुन से हाथ धोने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उल्टी-दस्त, पीलिया, बुखार अथवा किसी अन्य असामान्य स्वास्थ्य लक्षण को नजरअंदाज न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

















