उत्तराखण्ड
जय नगर में श्री आदर्श रामलीला समिति का भव्य शुभारंभ


प्रथम दिन की तालीम में 17 कलाकारों ने दिखाया अभिनय कौशल, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा 80 प्रतिशत अवसर
रुद्रपुर (जय नगर)। सनातन धर्म की परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से जय नगर-4 स्थित डिवाइन कॉम्प्लेक्स के तृतीय तल पर ‘ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन’ के तत्वावधान में ‘श्री आदर्श रामलीला समिति’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित भैरव दत्त उपाध्याय द्वारा गणेश पूजन एवं श्री राम दरबार की स्थापना के साथ हुआ। इसके बाद भगवान श्रीराम, संकटमोचन हनुमान और न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज की आरती कर रामलीला कार्यालय एवं तालीम का शुभारंभ किया गया।
शुभारंभ अवसर पर मातृशक्ति द्वारा ढोलक, हारमोनियम और तबले की थाप पर प्रस्तुत किए गए भजन एवं कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के साथ आयोजन में सहभागिता की।
समिति द्वारा आगामी 28 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक 10 दिवसीय भव्य रामलीला मंचन कराने का संकल्प लिया गया है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शुभारंभ के बाद आयोजित प्रथम दिन की तालीम में 17 कलाकारों ने विभिन्न पात्रों के रूप में अभिनय का प्रदर्शन किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रामलीला के निर्देशन की जिम्मेदारी पूर्व सैनिक एवं अनुभवी निर्देशक कल्याण सिंह संभाल रहे हैं। वे कलाकारों की अभिनय क्षमता को निखारने के लिए नियमित रूप से तालीम करा रहे हैं। समिति की ओर से बताया गया कि मंचन को प्रभावशाली और जीवंत बनाने के लिए कलाकारों के संवाद, अभिनय, भाव-भंगिमा और मंच संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा प्राथमिकता
श्री आदर्श रामलीला समिति ने स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। समिति के अनुसार रामलीला के 80 प्रतिशत पात्र छतरपुर से दिनेशपुर क्षेत्र के स्थानीय निवासी कलाकारों में से चुने जाएंगे। वहीं, आवश्यकतानुसार शेष 20 प्रतिशत कलाकार रुद्रपुर, हल्द्वानी, बरेली एवं आसपास के क्षेत्रों से आमंत्रित किए जाएंगे। समिति का उद्देश्य क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाकर उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
आयोजन की तैयारियों को गति देने के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक तालीम एवं बैठकें आयोजित की जा रही हैं। समिति द्वारा आगामी 28 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच सर्वसम्मति से मुख्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और मातृशक्ति से इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर डिवाइन कॉम्प्लेक्स एवं स्वर्णिका ज्वैलर्स के स्वामी नागेंद्र चंद्र भट्ट, पूजा भट्ट, समिति के संयोजक दीपक पांडे, ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की संस्थापक ममता पांडे, सरिता गोस्वामी, हंसा पांडे, बबली गोस्वामी, दीपा खनका, किरन रौथाण, आरती, समाजसेवी सुमित पांडे, दिनेश पंत, राजेन्द्र जोशी, प्रकाश चंद, प्रकाश चंदोला, चारू पांडे, गिरधर कारकी, जसपाल सिंह बिष्ट, अरुण सलवासी, आनंद सिंह असगोला, शंकर नगरकोटी, नीरज आगरी, गोविंद रौतेला, दीपक नेगी, प्रताप सिंह भंडारी, कृष्णा कांडपाल, नवीन शर्मा, बसंत जोशी, हरीश पांडे, दिनेश पांडे और रघुवीर भंडारी सहित बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।

















