उत्तराखण्ड
जनगणना-2027: दूसरे चरण के लिए 54 फील्ड ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण


16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना, 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक चलेगी जनसंख्या गणना
हल्द्वानी, नैनीताल। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को सुचारू, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 54 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और व्यावहारिक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी ने मुख्य संदर्भदाता तथा जनगणना मास्टर ट्रेनर यश ने प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर आगामी दिनों में अपने-अपने नगर निगमों एवं तहसीलों में नियुक्त प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे।
16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी गई। स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित बताई गई है, जबकि जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।
परिवार अनुसूची में पूछे जाएंगे विभिन्न प्रश्न भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, परिवार अनुसूची के माध्यम से नागरिकों से विभिन्न विषयों पर जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति एवं जनजाति संबंधी विवरण शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त माता-पिता की जानकारी, दिव्यांगता, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शैक्षणिक योग्यता और रोजगार से संबंधित प्रश्न भी शामिल होंगे। आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय, उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में कार्य, कार्यस्थल तक आने-जाने के साधन तथा प्रवासन, जन्मस्थान और पूर्व निवास स्थान से संबंधित विवरण भी जुटाए जाएंगे।
परिवार अनुसूची में निर्धारित अन्य बिंदुओं के तहत जीवित बच्चों की संख्या, कोविड-19 टीकाकरण के स्थान, बैंक खातों की संख्या तथा उपलब्धता के आधार पर मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी भी शामिल बताई गई है।
प्रगणकों को प्रशिक्षित करने की तैयारी तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की तकनीकी एवं व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराना रहा, ताकि वे आगे प्रगणकों को प्रभावी प्रशिक्षण दे सकें और जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके।
इस अवसर पर नगर निगम के चार अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह द्वारा भी प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा आगामी चरण में प्रगणकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।





















