Connect with us

उत्तराखण्ड

चोरगलिया से लापता तीनों बालिकाएं हिमाचल के बद्दी से सकुशल बरामद, CCTV और सर्विलांस से नैनीताल पुलिस को मिली सफलता

हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने लगातार कई दिनों तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से बालिकाओं की लोकेशन का पता लगाया और विशेष टीम को हिमाचल भेजकर उन्हें सुरक्षित वापस लाया। बालिकाओं के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने नैनीताल पुलिस का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी दो पुत्रियां सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने स्कूल और आसपास तलाश की तो पता चला कि दोनों बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। इसी दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई है। तीनों में दो नाबालिग और एक बालिग है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल तीनों की तलाश शुरू करते हुए जिले के सभी थानों और DCRB नैनीताल को सूचना भेजी। साथ ही RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचना प्रसारित की गई।

SSP ने तत्काल गठित कराई विशेष टीम

मामले का संज्ञान लेते हुए SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने चोरगलिया से लेकर हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर समेत विभिन्न स्थानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी निगरानी और सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने उनकी लोकेशन को लगातार ट्रेस किया।

सर्विलांस से हिमाचल तक पहुंची पुलिस

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को तीनों बालिकाओं की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर 2026 को तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बालिकाओं ने पुलिस को बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर गई थीं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच और पूछताछ में किसी प्रकार की अनहोनी की बात सामने नहीं आई है और तीनों सुरक्षित मिलीं।

बरामदगी के बाद पुलिस ने बालिकाओं की काउंसलिंग की। नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बेटियों के घर लौटने से परिजनों के चेहरे खिले

कई दिनों से अपनी बेटियों की तलाश में परेशान परिजनों को जब पुलिस ने तीनों के सकुशल बरामद होने की सूचना दी तो उनकी चिंता खुशी में बदल गई। बेटियों को सुरक्षित अपने बीच पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और लगातार किए गए प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा, उपनिरीक्षक गौरव जोशी, अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा और महिला कांस्टेबल सुमन राणा शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस ने कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की तलाश में इसी प्रकार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page