उत्तराखण्ड
चिकित्सा शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रीमती दया पांडेय को मिला ‘वैश्विक शिक्षक सम्मान’

नई दिल्ली, 20 सितंबर। मरियम कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल एजुकेशन एंड हॉस्पिटल, कमलुवागांजा की प्रधानाचार्या श्रीमती दया पांडेय को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के अथक प्रयासों और उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘वैश्विक शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन एवं शिक्षक दिवस समापन समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में न्यायमूर्ति जे. के. राणा, न्यायमूर्ति डॉ. इशरत मसरूक कुद्दूसी, राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज जी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. ए. पी. सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रीमती दया पांडेय ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके कार्यों और योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान श्रीमती दया पांडेय की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। उनका सम्मान उन महिलाओं के लिए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन का संदेश है, जो अपने कार्यक्षेत्र में निरंतर समर्पण के साथ समाज के विकास में योगदान दे रही हैं।
सम्मान प्राप्त होने पर शुभचिंतकों, शिक्षाविदों एवं सहयोगियों ने श्रीमती दया पांडेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

















