उत्तराखण्ड
खाद्य सुरक्षा विभाग का हल्द्वानी-लालकुआं में सघन निरीक्षण अभियान, मिलावटी व मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई



हल्द्वानी, 31 अगस्त 2026। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को हल्द्वानी नगर निगम एवं लालकुआं क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने एकत्र किए। अभियान का उद्देश्य मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम करते हुए आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना रहा।
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान देशी घी और किशमिश के विधिक नमूने संग्रहित किए गए। देशी घी का नमूना मैसर्स श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज, रामपुर रोड तथा किशमिश का नमूना मैसर्स चिरंजीवीलाल, नल बाजार से लिया गया।
निरीक्षण के दौरान किशमिश की पैकेजिंग एवं लेबलिंग में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कंपनी एवं डिस्ट्रीब्यूटर के विरुद्ध मिसब्रांडिंग के संबंध में चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अमय कुमार सिंह द्वारा विधिक खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया।
वहीं, लालकुआं क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण एवं लालकुआं द्वारा सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मैसर्स भट्ट जनरल स्टोर, हरिपुर रतनसिंह, हल्द्वानी ग्रामीण से बेसन का एक विधिक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। अभियान के तहत रामपुर-लालकुआं एवं सनेस मंडी, लालकुआं क्षेत्रों का भी भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
विभागीय टीम ने खाद्य कारोबारियों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का उपयोग करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा कालातीत एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए। कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक भी किया गया।
इसके अतिरिक्त, 31 अगस्त को सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रामनगर द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में दो खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा), नैनीताल ने बताया कि जनस्वास्थ्य के हित में जनपद में मिलावटी, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों के विरुद्ध निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।

















