उत्तराखण्ड
कुमाऊं कमिश्नर के निर्देश पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध बाइक टैक्सी पर कसा शिकंजा; 10 वाहन सीज, 175 चालान

अवैध बाइक टैक्सी के खिलाफ परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
नैनीताल/हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में अनधिकृत रूप से संचालित रेंटल बाइक और टैक्सी बाइक के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के कड़े निर्देशों के अनुपालन में नैनीताल शहर सहित हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 टैक्सी बाइक वाहनों को सीज किया गया, जबकि विभिन्न अनियमितताओं के मामले में 175 चालान किए गए।
आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग अरविंद पांडेय के नेतृत्व में नैनीताल शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध बाइक टैक्सी एवं रेंटल बाइक के संचालन पर अंकुश लगाने के लिए तीन विशेष प्रवर्तन दलों को तैनात किया गया। टीमों ने विभिन्न मार्गों और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की।
नैनीताल शहर में तीन टीमों ने संभाली कमान
नैनीताल शहर में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, जगदीश चंद्र एवं अपराजिता पांडे की संयुक्त टीमों ने विभिन्न मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना वैध अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे दोपहिया वाहनों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
हल्द्वानी-काठगोदाम में भी चला चेकिंग अभियान
नैनीताल से जुड़े मैदानी क्षेत्रों और प्रवेश द्वारों हल्द्वानी एवं काठगोदाम में भी परिवहन विभाग की टीमों ने सघन जांच की। परिवहन उपनिरीक्षक आरसी पंवार, गिरीश कांडपाल एवं नंदन सिंह की टीम ने अवैध रूप से संचालित दोपहिया वाहनों की जांच करते हुए चालान और जब्ती की कार्रवाई की।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से अनधिकृत रूप से बाइक टैक्सी एवं रेंटल बाइक संचालित करने वालों में हड़कंप मचा रहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
आरटीओ अरविंद पांडेय ने कहा कि पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी कर अनधिकृत रूप से टैक्सी बाइक या रेंटल बाइक संचालित करने वाले वाहन स्वामियों और चालकों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





















