Connect with us

उत्तराखण्ड

काठगोदाम रोड पर डंडे लहराकर दहशत फैलाने वाले 15 युवक चिन्हित, 8 बालिग व 7 नाबालिग शामिल

 

हल्द्वानी, नैनीताल 6 सितंबर। जन्माष्टमी पर्व की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर कुछ युवकों द्वारा वाहनों में सवार होकर डंडे लहराते हुए आमजन में भय और अराजकता का माहौल पैदा करने संबंधी वायरल वीडियो का SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

SSP के निर्देश पर ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए वीडियो में प्रयुक्त वाहनों का पता लगाया और युवकों की पहचान एवं तलाश शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 15 युवकों को चिन्हित किया, जिनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग शामिल हैं। चिन्हित आठ बालिग युवकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। साथ ही वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार चिन्हित बालिग युवकों में दीप गोगोई, पारस सिंह, करन कुमार, हरि किशोर, कृष्णा सिंह, नितिन, मुकेश शर्मा और कमलेश सम्मल शामिल हैं।

नाबालिगों की काउंसलिंग, परिजनों पर भी कार्रवाई

पुलिस द्वारा चिन्हित सात नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की जा रही है। साथ ही परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया है।

पुलिस ने सभी युवकों एवं उनके परिजनों को भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी है।

गुंडागर्दी और अराजकता बर्दाश्त नहीं : SSP

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अराजकता, सार्वजनिक स्थान पर भय का माहौल उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्य को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page