उत्तराखण्ड
एमबीपीजी के शोध छात्र डॉ. जितेंद्र गिरि का ICSSR पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए चयन


हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी के हिंदी विभाग से पीएचडी करने वाले शोध छात्र डॉ. जितेंद्र गिरि का चयन भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) की प्रतिष्ठित पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से एमबीपीजी कॉलेज के हिंदी विभाग एवं शोध जगत में खुशी का माहौल है।
डॉ. जितेंद्र गिरि दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सत्र 2026-27 के दौरान पोस्ट डॉक्टोरल शोध कार्य करेंगे। उनका शोध विषय ‘त्रिपिटक और श्रीरामचरितमानस का साहित्यिक, सामाजिक, धार्मिक और सामयिक संदर्भ : एक तुलनात्मक अध्ययन’ है। इस शोध के माध्यम से वे दोनों महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं धार्मिक ग्रंथों के विविध संदर्भों और समकालीन प्रासंगिकताओं का तुलनात्मक अध्ययन करेंगे।
डॉ. जितेंद्र गिरि नेट एवं जेआरएफ परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और शोध के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण फेलोशिप प्राप्त होना एमबीपीजी कॉलेज के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।
उनके चयन पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एन.एस. बनकोटी, डॉ. नरेंद्र सिंह सिजवाली, डॉ. देवयानी भट्ट, डॉ. बी.आर. पंत, डॉ. प्रभा पंत, डॉ. जगदीश जोशी, डॉ. आनंद प्रकाश सिंह सहित अन्य प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल अकादमिक भविष्य की कामना की।
डॉ. जितेंद्र गिरि ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता श्रीमती गीता देवी के आशीर्वाद तथा गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि फेलोशिप के माध्यम से प्राप्त अवसर उनके शोध कार्य को नई दिशा देने के साथ ही हिंदी साहित्य के क्षेत्र में गंभीर अकादमिक अध्ययन को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।

















